छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण में करीब 72.51% मतदान

4/27/20241 min read

छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण में करीब 72.51% मतदान : (सबसे ज्यादा वोटिंग कांकेर में, सबसे कम महासमुंद में)

तीन लोकसभा सीटों में सबसे ज्यादा मतदान 73.50% कांकेर में, राजनांदगांव में 72.93% और महासमुंद में सबसे कम 71.13% हुआ है। अगर 2019 के आंकड़ों को देखें तो यह कांकेर में 3.7%, महासमुंद में 5.97% और राजनांदगांव में 5.67% कम है। हालांकि अभी निर्वाचन आयोग ने अंतिम आंकड़े जारी नहीं किए हैं। इसके चलते इनमें शनिवार तक फेर-बदल संभव है।

कांकेर में नक्सलियों ने बैनर लगाकर चुनाव का बहिष्कार किया

कांकेर में नक्सलियों ने बैनर लगाकर चुनाव का बहिष्कार किया। मरबेड़ा मतदान केंद्र से 1 से डेढ़ किलोमीटर दूरी मुख्य सड़क किनारे नक्सलियों ने बैनर लगाया। छोटे बेठिया क्षेत्र में ही 16 अप्रैल को मुठभेड़ में 29 नक्सली मारे गए थे। इस इलाके के बूथों पर दोपहर तक सन्नाटा रहा। इसके बाद इक्का-दुक्का ही वोट पड़ सके।

महासमुंद में ग्रामीणों ने किया चुनाव बहिष्कार

महासमुंद लोकसभा के ग्राम बेलर में ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया। गांव से मतदान केंद्र हटाए जाने की वजह से आक्रोशित थे। बेलर गांव से 4 किलोमीटर दूर पोलिंग स्टेशन शिफ्ट किया गया, जिसकी वजह से ग्रामीण विरोध कर रहे थे। उनका कहना है कि पिछले विधानसभा चुनाव में यहां पर पोलिंग स्टेशन बनाया गया था, मगर लोगों की मांग को नजर अंदाज करते हुए पोलिंग स्टेशन हटा दिया गया।

छत्तीसगढ़ में 3 चरणों में मतदान

छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों के लिए 3 चरणों में मतदान होना है। इसमें से बस्तर, राजनांदगांव, महासमुंद और कांकेर सीट के लिए वोटिंग हो चुकी है। अब तीसरे चरण और अंतिम चरण के लिए 7 मई को रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, दुर्ग और सरगुजा सीट पर वोट पड़ेंगे।