छत्तीसगढ़ में 6 लोकसभा सीटों पर बीजेपी,5 पर कांग्रेस मजबूत:विधानसभा चुनाव के आंकड़े बता रहे किसके पास कितना मत; रणनीति तय करेगी जीत-हार


निर्वाचन आयोग के साथ ही राजनीतिक दलों ने भी लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। छत्तीसगढ़ में भी सियासी दल चुनावी बिसात बिछा रहे हैं। बीजेपी सभी 11 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है। जिसके बाद बीजेपी कैंडिडेट्स प्रचार में जुट गए हैं।
वहीं, कांग्रेस ने 6 प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है, जबकि 5 सीटों पर घोषणा बाकी है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि बाकी सीटों पर मंथन चल रहा है। पार्टी जल्द ही छत्तीसगढ़ में कैंडिडेट्स की दूसरी लिस्ट जारी कर देगी। मौजूदा हालात की बात करें तो बीजेपी का वोट प्रतिशत 46.27 और कांग्रेस का वोट प्रतिशत 42.23 है।
इस आंकड़े से लगता है कि प्रदेश में बीजेपी की राह आसान है। हालांकि जांजगीर, राजनांदगांव, रायगढ़ और कांकेर लोकसभा सीटों पर कांग्रेस मजबूत स्थित में दिख रही है। रायगढ़ में मुकाबला बराबरी का हो सकता है। वहीं, रायपुर समेत बाकी सीटों पर मजबूत स्थिति में दिख रही है।
बीजेपी-कांग्रेस ने दिग्गजों को मैदान पर उतारा
छत्तीसगढ़ में बीजेपी और कांग्रेस ने दिग्गजों को लोकसभा के चुनावी मैदान पर उतारा है। इनमें बीजेपी से बृजमोहन अग्रवाल, विजय बघेल, सरोज पांडेय, चिंतामणि महाराज, संतोष पांडेय जैसे नाम हैं। वहीं, कांग्रेस ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल, ताम्रध्वज साहू, शिव डहरिया, ज्योत्सना महंत, विकास उपाध्याय को प्रत्याशी बनाया है।
बीजेपी के 72 और कांग्रेस के 66 लाख से ज्यादा वोटर्स
वर्तमान में छत्तीसगढ़ में 3 करोड़ 60 लाख 92 हजार 24 वोटर हैं। इनमें से 1 करोड़ 56 लाख 34 हजार 933 वोटर्स ने मतदान किया है। विधानसभा चुनाव-2023 में वोटिंग के आंकड़े देखें तो प्रदेश में बीजेपी के 72 लाख 34 हजार 968 और कांग्रेस के 66 लाख 2 हजार 586 वोटर्स है।
इन वोटर्स ने प्रत्याशी और पार्टी के नाम पर बीजेपी-कांग्रेस को वोट दिया है। यानी वर्तमान में प्रदेश में बीजेपी का वोट प्रतिशत 46.27 और कांग्रेस का वोट प्रतिशत 42.23 है। इन आंकड़ों को देखने से प्रदेश में बीजेपी की राह आसान दिखती है। हालांकि ये कांग्रेस की रणनीति पर निर्भर करता है कि उसके नेता बीजेपी के वोटर्स पर कैसे सेंध लगाएंगे।
कहीं बीजेपी तो कहीं कांग्रेस दिख रही मजबूत
विधानसभा चुनाव 2023 के आंकड़ा देखें तो वर्तमान में कांग्रेस प्रदेश की जांजगीर, राजनांदगांव, रायगढ़ और कांकेर लोकसभा सीट पर मजबूत है। यानी इन सीटों पर थोड़ी बहुत मेहनत करके पार्टी और कांग्रेस प्रत्याशी अच्छा परिणाम निकाल सकते है।
वहीं बीजेपी रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, सरगुजा, बिलासपुर, महासमुंद और बस्तर में मजबूत है। इन सीटों पर जीत हासिल करने के लिए पार्टी और प्रत्याशी को थोड़ी मेहनत करनी होगी। रायगढ़ सीट पर बराबरी का मुकाबला है।
रायपुर लोकसभा में बीजेपी को बढ़त
विधानसभा चुनाव 2023 के वोटिंग के आंकड़ो के अनुसार रायपुर लोकसभा सीट में 3565966 वोटर्स है। इनमें से 1172556 वोटर्स ने विधानसभा चुनाव में मतदान किया था। इनमें से 670129 वाेटर्स ने बीजेपी काे और 425907 वोटर्स ने कांग्रेस को वोट दिया था। इन वोटर्स की दम पर रायपुर लोकसभा में पड़ने वाली नौ विधानसभा सीटों पर बीजेपी ने आठ और कांग्रेस ने एक सीट पर जीत हासिल की है।
इस आंकड़े को देखते हुए एक्सपर्ट्स रायपुर लोकसभा सीट में बीजेपी को बढ़त दे रहे है।
दुर्ग लोकसभा में बीजेपी को मिली थी बढ़त
दुर्ग लोकसभा सीट में वर्तमान में नौ विधानसभा सीटें हैं। विधानसभा चुनाव के आंकड़ों के अनुसार इस लोकसभा सीट में 41 लाख 91 हजार 344 वोटर्स है। इनमें से 15 लाख 55 हजार 538 वोटर्स ने विधानसभा चुनाव में मतदान किया था। 8 लाख 10 हजार 77 वोटर्स ने बीजेपी काे और 6 लाख 70 हजार 881 वोटर्स ने कांग्रेस को वोट दिया था।
इन वोटर्स की दम पर दुर्ग लोकसभा सीट की नौ विधानसभा सीटों में से सात पर बीजेपी और दो पर कांग्रेस का कब्जा है। लेकिन, इस सीट पर बीजेपी के वोटर्स की संख्या ज्यादा है। इस आंकड़े को देखते हुए एक्सपर्ट्स दुर्ग लोकसभा सीट में बीजेपी को बढ़त दे रहे हैं।
राजनांदगांव लोकसभा में कांग्रेस को बढ़त
राजनांदगांव लोकसभा सीट में वर्तमान में आठ विधानसभा सीटें हैं। विधानसभा चुनाव के आंकड़ों के अनुसार इस लोकसभा सीट में 37 लाख 4 हजार 164 वोटर्स है। इनमें से 14 लाख 81 हजार 177 वोटर्स ने विधानसभा चुनाव में मतदान किया था। 7 लाख 4 हजार 835 वोटर्स ने बीजेपी काे और 6 लाख 74 हजार 776 वोटर्स ने कांग्रेस को वोट दिया था।
इन वोटर्स की दम पर राजनांदगांव लोकसभा सीट की आठ विधानसभा सीटों में से तीन पर बीजेपी और पांच पर कांग्रेस का कब्जा है। इस सीट पर बीजेपी के वोटर्स की संख्या ज्यादा है। इस आंकड़े के बाद भी एक्सपर्ट राजनांदगांव लोकसभा सीट पर कांग्रेस को बढ़त दे रहे है।
सरगुजा लोकसभा सीट में बीजेपी को बढ़त
सरगुजा लोकसभा क्षेत्र में आठ विधानसभा सीटें हैं। विधानसभा चुनाव के आंकड़ों के अनुसार इस सीट में 35 लाख 89 हजार 924 वोटर्स हैं। इनमें से 14 लाख 48 हजार 263 वोटर्स ने विधानसभा चुनाव में मतदान किया था। इनमें से 7 लाख 33 हजार 303 ने बीजेपी काे और 5 लाख 59 हजार 355 वोटर्स ने कांग्रेस को वोट दिया था।
आठ विधानसभा सीटों में से सात पर बीजेपी और एक पर कांग्रेस का कब्जा है। इस सीट पर बीजेपी के वोटर्स की संख्या ज्यादा है। ऐसे में आंकड़ों को देखते हुए एक्सपर्ट सरगुजा लोकसभा सीट से बीजेपी को बढ़त दे रहे हैं।
रायगढ़ लोकसभा सीट में बराबर की टक्कर
रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र में आठ विधानसभा सीट हैं, जिनमें 36 लाख 48 हजार 141 वोटर्स हैं। इनमें से 14 लाख 62 हजार 394 वोटर्स ने विधानसभा चुनाव में मतदान किया था। इनमें से 7 लाख 8 हजार 628 ने बीजेपी काे और 6 लाख 65 हजार 908 ने कांग्रेस को वोट दिया था।
सभी आठ विधानसभा सीटों में से चार पर बीजेपी और चार पर कांग्रेस का कब्जा है। इस लोकसभा सीट पर बीजेपी के वोटर्स ज्यादा हैं। इसके बाद भी एक्सपर्ट्स इसे मुकाबले की सीट बता रहे हैं।
जांजगीर-चांपा लोकसभा में कांग्रेस मजबूत
जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र में आठ विधानसभा सीटें हैं। विधानसभा चुनाव के आंकड़ों के अनुसार इस लोकसभा सीट में 35 लाख 65 हजार 176 वोटर्स हैं। इनमें से 14 लाख 69 हजार 430 वोटर्स ने विधानसभा चुनाव में वोट किया था। 5 लाख 26 हजार 806 ने बीजेपी काे और 6 लाख 44 हजार 2 ने कांग्रेस को वोट दिया था।
लोकसभा चुनाव के लिहाज से ये सीट कांग्रेस का गढ़ कही जाती है। कांग्रेस ने पूर्व मंत्री शिव डहरिया को यहां से टिकट देकर सीट को हाई प्रोफाइल बना दिया है। सभी आठ विधानसभा सीटों पर कांग्रेस का कब्जा है। इस आंकड़े को देखकर एक्सपर्ट इस सीट पर कांग्रेस को बढ़त दे रहे हैं।
बिलासपुर लोकसभा में बीजेपी को बढ़त
बिलासपुर लोकसभा सीट में आठ विधानसभा सीटें हैं। यहां कुल 41 लाख 14 हजार 156 मतदाता हैं। इनमें से 13 लाख 87 हजार 167 वोटर्स ने विधानसभा चुनाव में मतदान किया था। 6 लाख 55 हजार 251 वाेटर्स ने बीजेपी काे और 5 लाख 55 हजार 906 वोटर्स ने कांग्रेस को वोट दिया था।
लोकसभा की छह विधानसभा सीटों पर और कांग्रेस ने दो विधानसभा सीटों पर कब्जा किया है। इस आंकड़े को देखकर बिलासपुर लोकसभा में एक्सपर्ट बीजेपी को बढ़त दे रहे हैं।
महासमुंद लोकसभा में बीजेपी को बढ़त
महासमुंद लोकसभा सीट में आठ विधानसभा सीटें हैं। विधानसभा चुनाव के आंकड़ों के अनुसार इस लोकसभा सीट में 34 लाख 80 हजार 357 वोटर्स हैं। इनमें से 14 लाख 43 हजार 553 मतदाताओं ने विधानसभा चुनाव में वोट डाला था। 6 लाख 87 हजार 909 ने बीजेपी और 6 लाख 97 हजार 392 वोटर्स ने कांग्रेस को वोट दिया था।
लोकसभा की पांच विधानसभा सीटों पर बीजेपी और तीन पर कांग्रेस काबिज है। महासमुंद लोकसभा में एक्सपर्ट बीजेपी को बढ़त दे रहे हैं।
बस्तर लोकसभा में बीजेपी आगे
बस्तर लोकसभा सीट में आठ विधानसभा सीटें हैं। यहां कुल 29 लाख 22 हजार 650 वोटर्स हैं। इनमें से 10 लाख 35 हजार 585 वोटर्स ने विधानसभा चुनाव में मतदान किया था। इनमें से 4 लाख 87 हजार 399 ने बीजेपी और 4 लाख 5 हजार 753 वोटर्स ने कांग्रेस को वोट दिया था।
बीजेपी ने इस लोकसभा की छह विधानसभा सीटों पर और कांग्रेस ने दो विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की है। बस्तर लोकसभा में एक्सपर्ट बीजेपी को बढ़त दे रहे हैं।
कांकेर लोकसभा सीट पर कांग्रेस मजबूत
कांकेर लोकसभा क्षेत्र में आठ विधानसभा सीटें हैं। विधानसभा चुनाव के आंकड़ों के अनुसार इस लोकसभा सीट में 33 लाख 10 हजार 146 वोटर्स हैं। इनमें से 13 लाख 52 हजार 87 वोटर्स ने विधानसभा चुनाव में मतदान किया था। इनमें से 5 लाख 52 हजार 803 ने बीजेपी और 6 लाख 35 हजार 103 वोटर्स ने कांग्रेस को वोट दिया था।
लोकसभा की तीन विधानसभा सीटों पर बीजेपी और पांच पर कांग्रेस को जीत मिली। इस आंकड़े को देखकर कांकेर लोकसभा में एक्सपर्ट कांग्रेस को मजबूत स्थित में बता रहे हैं।
कोरबा लोकसभा में बीजेपी मजबूत
कोरबा लोकसभा क्षेत्र में आठ विधानसभा सीटें हैं। विधानसभा चुनाव के आंकड़ों के मुताबिक इस लोकसभा सीट में 31 लाख 96 हजार 704 वोटर हैं। इनमें से 12 लाख 21 हजार 219 वोटर्स ने विधानसभा चुनाव में मतदान किया था। इनमें से 5 लाख 6 हजार 187 ने बीजेपी और 4 लाख 44 हजार 979 वोटर्स ने कांग्रेस को वोट दिया था।
बीजेपी ने इस लोकसभा की छह विधानसभा सीटों पर और कांग्रेस ने दो विधानसभा सीटों पर कब्जा किया है। इस आंकड़े को देखकर कोरबा लोकसभा में एक्सपर्ट बीजेपी की स्थिति को मजबूत बता रहे हैं।