नामांकन के दस दिन पहले तक नाम जुड़वाने की मोहलत से हर सीट पर बढ़े वोटर, चुनाव में गेम चेंजर


रायपुर। विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों की सरगर्मी बढ़ी हुई है। रायपुर जिले की सातों सीटों पर कांग्रेस-भाजपा ने अपने-अपने प्रत्याशी मैदान में उतार दिए हैं। अब चुनाव प्रचार और वोटरों को साधने में प्रत्याशी लगे हुए हैं। परंपरागत वोटरों के अलावा प्रत्याशी अब नए वोटरों पर खास फोकस कर रहे हैं, क्योंकि रायपुर जिले में इस चुनाव के लिए करीब 75 हजार वोटर बढ़े हैं।
चार चुनाव आयोग द्वारा प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची के दौरान करीब 70 हजार 935 मतदाता बढ़े थे। लेकिन चुनाव आयोग ने मतदाता सूची में नए नाम जुड़वाने की मोहलत नामांकन दाखिल करने के लिए दस पहले तक दी थी। इस कारण से अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद भी कई लोगों ने अपने मतदाता सूची में नाम जुड़वाए। किसी सीट पर 500 तो किसी सीट पर 800 से अधिक मतदाता बढ़े हैं। इस तरह अब रायपुर जिले के सभी सातों सीटों को कुल मिलाकर करीब 75 हजार नए मतदाता बढ़े हैं। ये नए मतदाता चुनाव में प्रत्याशियों के लिए गेम चेंजर हो सकते हैं। खास बात यह है कि सभी सीटों पर महिला वोटरों की संख्या पुरुष की तुलना में ज्यादा हैं।
सबसे ज्यादा रायपुर ग्रामीण में बढ़े वोटर: मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के मामले में सबसे ज्यादा रायपुर ग्रामीण में आगे हैं। यहां कुल नए वोटर 21467 बढ़े हैं। जिसमें महिला वोटर 10729 बढ़े हैं। वहीं पुरुष वोटर 10739 बढ़े हैं। इसके बाद धरसींवा विधानसभा में कुल 11696 नए वोटर बढ़े हैं। जिसमें 6406 नए महिला वोटर हैं, जबकि नए पुरुष वोटर 5292 बढ़े हैं
किस विधानसभा में कितने वोटर बढ़े :
विधानसभा - कुल वोटर- महिलाएं - पुरुष
धरसींवा - 11696 - 6406 - 5292
रायपुर ग्रामीण - 21467 - 10729 - 10739
रायपुर पश्चिम - 7326 - 3825 - 3499
रायपुर उत्तर - 3189 - 1789 - 1399
रायपुर दक्षिण - 8997 - 4802 - 4194
आरंग - 9872 - 5449 - 4424
अभनपुर - 6426 - 3725 - 2700